
उदयपुर में अब दो टीमें करेंगी टूरिस्ट की सुरक्षा:कालिका और पर्यटक पेट्रोलिंग टीम ने निकाला रोड शो उदयपुर में पर्यटक सुरक्षा जागरुकता को लेकर पर्यटक पेट्रोलिंग टीम का गठन किया गया। पर्यटक पेट्रोलिंग टीम और कालिका टीम का बुधवार को संयुक्त रोड शो निकाला गया। रोड शो शाम को दूध तलाई से शुरू हुआ और फतहसागर झील की पाल पर खत्म हुआ। पाल पर मीटिंग में एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने टीम सदस्यों को उनकी जिम्मेदारी बताई। एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने कहा- दुनियाभर से पर्यटक उदयपुर आएगा और यहां सभी पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेगा। अब पर्यटक पेट्रोलिंग टीम आने के बाद उदयपुर के पर्यटन स्थल ज्यादा सुरक्षित होने चाहिए। आपको पर्यटक की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तैयार रहना होगा। बता दें पुलिस महिला जवानों की कालिका टीम पहले से पर्यटक सुरक्षा को लेकर काम कर रही है। एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने बताया- उदयपुर विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। यहां पूरी दुनिया से पर्यटक आते हैं। इनकी सुरक्षा, सुविधा और सहायता हमारी जिम्मेदारी है। इसके लिए हमने टूरिस्ट पेट्रोलिंग टीम का गठन किया है। इससे पहले से हमारी कालिका पेट्रोलिंग टीम काम कर रही है। सरकार से हमें 25 गश्त करने वाली बाइक मिली है। इनमें जवानों को तैनात किया है, जो पर्यटक की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। इसे लेकर बुधवार को रोड शो का आयोजन किया गया। हमने सभी जवानों को उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारी के प्रति आगाह किया और जानकारी दी।
01 May 2026