
उदयपुर का नीमच खेड़ा इलाका और यहाँ स्थित परशुराम कॉलोनी इन दिनों खौफ के साये में है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे यहाँ एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। रमजान का महीना चल रहा है और रात के समय इबादत का दौर जारी है। इसी दौरान बोहरा समाज के एक व्यक्ति जब मस्जिद से नमाज पढ़कर अपने घर लौट रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क के किनारे हलचल करते एक पैंथर के शावक पर पड़ी। हैरानी की बात यह थी कि शावक अकेला नहीं था, पास ही झाड़ियों और अंधेरे के बीच मादा पैंथर भी मौजूद थी। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए मोबाइल से इस मंजर को कैमरे में कैद कर लिया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में पैंथर की आवाजाही अक्सर बनी रहती है, लेकिन यह पहला मौका है जब पैंथर को उसके शावक के साथ देखा गया है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, जब मादा पैंथर अपने शावकों के साथ होती है, तो वह पहले से कहीं ज्यादा आक्रामक हो जाती है। ऐसे में कॉलोनी के रास्तों पर पैदल चलना किसी बड़े खतरे से कम नहीं है। घटना के बाद से ही परशुराम कॉलोनी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाया जाए ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।
01 May 2026