
उदयपुर शहर के धानमंडी थाना क्षेत्र में एक बार फिर चैन स्नैचिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। धानमंडी स्कूल वाली गली में मंगलवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने चैन झपट ली और मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक पीड़िता की पहचान संगीता पोरवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह अपने घर की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाते हुए बाइक पर सवार बदमाश पीछे से आए और अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से चौन छीन ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़िता को संभाला। राहत की बात यह रही कि महिला को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटना के बाद वह काफी घबराई हुई नजर आईं। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर धानमंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने शाम के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
01 May 2026