
उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र में ऑटो ड्राइवर और स्कूटी सवार के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक घटना में तब्दील हो गया। घटना रविवार शाम करीब 5.30 बजे सुरों का गुड़ा क्षेत्र में एक ऑटो पार्ट्स दुकान के बाहर की है। जानकारी के अनुसार, मैन रोड से तेज रफ्तार में आ रहे एक ऑटो ड्राइवर ने अचानक गली में प्रवेश किया, जिससे सामने से आ रही स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई। स्कूटी सवार ने जब ऑटो ड्राइवर को सावधानी से वाहन चलाने की बात कही तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान मौके पर मौजूद जितेन्द्र पटेल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन यह उसे भारी पड़ गया। विवाद के बाद ऑटो ड्राइवर वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वह ऑटो में 5 से 6 लोगों को बैठाकर वापस लौटा। सभी आरोपियों ने मिलकर जितेन्द्र पटेल को घेर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमलावर युवक को खींचकर ऑटो पार्ट्स की दुकान के अंदर ले गए, जहां उसके सिर पर औजारों से हमला किया गया, जिससे उसका सिर फट गया। आरोपियों ने स्टूल फेंककर मारा और दुकान का सामान भी बिखेर दिया। मारपीट के दौरान दुकानदार के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इस पूरी घटना में दो महिलाएं भी हमलावरों के साथ मौजूद थीं। वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। थानाधिकारी तेजू सिंह ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए ऑटो ड्राइवर मोहम्मद इकबाल उर्फ अप्पू, समीर खान उर्फ मिठ्ठू, मोइन खान, बंटी उर्फ फरदीन खान और टिक्कू उर्फ सोहेब खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
01 May 2026