
भीलवाड़ा में एक नाबालिग किशोरी के साथ घिनौने अपराध का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी युवक ने पहले उसे जबरन एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान उसके अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी इन्हीं वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय से उसे ब्लैकमेल कर रहा था और लगातार डरा-धमकाकर कई बार उसके साथ अपनी हवस का शिकार बना चुका था। मामला तब और गंभीर हो गया जब रविवार, 11 अक्टूबर को पीड़िता की मां और छोटी बहन मौसी के घर गई हुई थीं और घर पर नाबालिग अपनी बुजुर्ग दादी के साथ अकेली थी। इस बात की भनक लगते ही आरोपी युवक मौका पाकर जबरन घर में घुस गया और पीड़िता के कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उसने एक बार फिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। कमरे के अंदर सुगबुगाहट और पीड़िता के घबराने पर दादी ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने अंदर से कुंडी बंद रखी। इस पर सतर्क दादी ने तुरंत जोर-जोर से शोर मचाकर आसपास के पड़ोसियों को इकट्ठा कर लिया। संयोगवश उसी समय पीड़िता की मां और बहन भी घर लौट आईं। परिजनों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाया और आरोपी युवक को रंगे हाथों मौके पर ही दबोच लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
09 Oct 2026