
उदयपुर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र में घरेलू नौकर द्वारा मालिक के विश्वास को छलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से सोने का कड़ा चुराकर भागने वाले नौकर शुभम सोलंकी को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से मध्यप्रदेश के देवास का रहने वाला है, जो पीड़ित के घर में काम करता था। घटना 23 सितंबर की है, जब पीड़ित प्रतीक जैन अपने घर से जिम जाने के लिए निकले। जिम जाने से पहले उन्होंने रोजाना की तरह अपने हाथ में पहना करीब 5 तोले वजनी सोने का कड़ा उतारा और कमरे में स्थित ड्रेसिंग टेबल पर रख दिया। घर में काम कर रहे नौकर शुभम की नजर इस महंगे कड़े पर पड़ गई। जैसे ही मकान मालिक घर से बाहर निकले, नौकर ने मौका पाकर कड़ा उठाया और सीधे अपने बैग में छुपाकर वहां से रफूचक्कर हो गया। शाम को जब प्रतीक जैन वापस घर लौटे और कड़ा गायब देखा, तो उनके होश उड़ गए। काफी तलाश करने के बाद जब कड़ा नहीं मिला, तो उन्होंने हिरण मगरी थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। जांच अधिकारी और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जब पड़ताल शुरू की और शक के आधार पर नौकर शुभम सोलंकी से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने इससे पहले भी कहीं ऐसी चोरियों को अंजाम दिया है।