
उदयपुर सहित पूरे देश में ईद उल फितर का पर्व पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। उदयपुर के पलटन मस्जिद में सुबह विशेष नमाज अदा की गई, जहां समाज के लोगों ने देश में अमन-चैन, शांति और भाईचारा बनाए रखने की दुआ मांगी। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और त्योहार की खुशियां साझा कीं। इससे पहले शहर के अन्य प्रमुख मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। नमाज के बाद लोगों ने देश में सभी धर्मों के बीच आपसी प्रेम और सौहार्द बना रहने की कामना की, साथ ही सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते पर चलने की ताकत मिलने की प्रार्थना की। त्योहार को देखते हुए शहर में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पलटन मस्जिद समेत सभी प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और लगातार निगरानी बनाए रखी गई। शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए इस पर्व ने एक बार फिर उदयपुर में आपसी भाईचारे और सौहार्द की मजबूत परंपरा को दर्शाया।
01 May 2026