
उदयपुर के विश्व रिकॉर्ड होल्डर स्वर्ण शिल्पी डॉ. इकबाल सक्का की एक और अनूठी कलाकृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर उनके द्वारा तैयार किया गया दुनिया का सबसे छोटा सोने और चांदी का भगवान जगन्नाथ रथ, मंदिर, भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा, ओम अंकित पताका और घोड़े सहित संपूर्ण कलाकृति को होप इंटरनेशनल वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान दिया गया है। डॉ. सक्का ने बताया कि यह सूक्ष्म कलाकृति लगभग एक सेंटीमीटर आकार की है, जिसे विशेष तकनीक और महीन स्वर्ण-रजत शिल्पकला के माध्यम से तैयार किया गया। इस अद्वितीय रचना को विश्व की सबसे छोटी धार्मिक कलाकृतियों में शामिल करते हुए होप इंटरनेशनल वर्ल्ड बुक ने आधिकारिक रूप से विश्व रिकॉर्ड घोषित किया। होप इंटरनेशनल वर्ल्ड बुक के भारतीय फाउंडेशन के मुख्य संपादक डॉ. अहमद शेख ने डॉ. इकबाल सक्का को प्रमाण पत्र और गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। डॉ. सक्का ने बताया कि उनकी इस उपलब्धि को अब राजस्थान करंट अफेयर्स और राजस्थान सामान्य ज्ञान के प्रश्नों में भी शामिल किया गया है। इसमें पूछा जा रहा है कि एक सेंटीमीटर का स्वर्ण-रजत भगवान जगन्नाथ रथ बनाने वाले राजस्थान के शिल्पी कौन हैं। डॉ. इकबाल सक्का ने इस सम्मान को उदयपुर और राजस्थान की समृद्ध कला परंपरा को समर्पित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के शिल्प और भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली है।

15 Jul 2026