
उदयपुर में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर लगी रोक के बाद अवैध उपयोग और रिफिलिंग के खिलाफ रसद विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई के तहत जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर के नेतृत्व में टीम ने शहर के सवीना स्थित वीआईपी कॉलोनी में आकस्मिक जांच की। इस टीम में प्रवर्तन अधिकारी मानसी पण्ड्या और प्रवर्तन निरीक्षक डॉ. कोमल सिंह सोलंकी सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान टीम को मौके पर व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग होते हुए मिली। कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने 6 व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त कर लिए। जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर ने बताया कि इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और रिफिलिंग के खिलाफ सघन जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

13 Jun 2026