
शहर के सिद्धार्थनगर आवासीय क्षेत्र में लेपर्ड की लगातार आवाजाही से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पिछले पांच दिनों के भीतर क्षेत्र में लेपर्ड के आने की यह दूसरी घटना सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं। मंगलवार देर रात एक कैमरे में कैद हुए फुटेज में लेपर्ड की खौफनाक गतिविधि दिखाई दी। फुटेज के अनुसार, घात लगाकर बैठे लेपर्ड ने सीढ़ियों पर चढ़ रहे एक पिल्ले को महज दो सेकंड से भी कम समय में गर्दन से दबोच लिया। इसके बाद वह पिल्ले को लेकर तेजी से झाड़ियों में गायब हो गया। इस घटना ने इलाके में रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। आवासीय क्षेत्र में लेपर्ड की बार-बार मौजूदगी से लोगों को अपने बच्चों और पालतू जानवरों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया। वन विभाग ने स्थानीय निवासियों से रात के समय विशेष सतर्कता बरतने, सुनसान जगहों पर अकेले जाने से बचने और बच्चों व पालतू जानवरों को सुरक्षित रखने की अपील की है। अब क्षेत्रवासियों को लेपर्ड के पकड़े जाने का इंतजार है।
19 Oct 2026