
उदयपुर के देबारी स्थित हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के जिंक स्मेल्टर में कार्यरत एलएनटी कंपनी के एक श्रमिक की बुधवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। गुरुवार सुबह घटना से आक्रोशित श्रमिकों ने फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन कर गेट बंद कर दिया। करीब दो घंटे तक हंगामा चला, जिसके बाद वार्ता के जरिए मामला शांत हुआ।जानकारी के अनुसार सुरेश पुत्र रामलाल जनवा बुधवार शाम कंपनी कार्य से लौट रहे थे। इसी दौरान जिंक चौराहे पर एक बेकाबू ट्रोले ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एलएनटी कंपनी के माध्यम से जिंक स्मेल्टर में कार्यरत था। घटना के विरोध में गुरुवार सुबह श्रमिकों ने गेट पर प्रदर्शन किया। इंटक अध्यक्ष मांगी लाल अहीर, पूर्व सरपंच नंदलाल वेद, उप सरपंच चंदन सिंह देवड़ा सहित अन्य यूनियन पदाधिकारी वार्ता में शामिल हुए। फैक्ट्री प्रबंधन और संबंधित कंपनी प्रतिनिधियों के साथ करीब तीन घंटे चली बातचीत के बाद समझौता हुआ।समझौते के तहत मृतक आश्रित परिवार को जिंक कंपनी मजदूर वेलफेयर फंड से 18 लाख रुपये, एलएनटी कंपनी की ओर से 7 लाख रुपये, 50 हजार रुपये की तत्काल सहायता तथा एक आश्रित को नौकरी देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।फिर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
01 May 2026