
लोक कला मंडल क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अपहरण और फिरौती मामले में उदयपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद अब गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूरा मामला 25 मई का है, जब अंबामाता थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद सालिस अपने दोस्त अरबाज खान के साथ लोक कला मंडल के पास चाय की थड़ी पर मौजूद था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर दुबई नंबर से कॉल आया और उसे धमकाते हुए लोकेशन पूछी गई। कुछ ही मिनटों बाद पंजाब नंबर की काली स्कॉर्पियो में सवार होकर छह युवक मौके पर पहुंचे और मोहम्मद सालिस को जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले गए। आरोपियों ने रास्ते में उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की तथा नाथद्वारा और राजसमंद की तरफ ले जाते हुए 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी। साथ ही पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसी दौरान पीड़ित के फोन पर पुलिस का कॉल आने से आरोपी घबरा गए और गोमती रोड के पास युवक को पटककर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, डीएसपी राजेश यादव और हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और नाकाबंदी के जरिए महज 12 घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर दिया।जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी गौरव प्रताप राणा, मोहाली पंजाब का निवासी है और फॉरेन करेंसी एक्सचेंज कंपनी से जुड़ा हुआ है। आरोपी का दावा था कि बीएनएस वॉलेट के जरिए खरीदे गए 5 हजार यूएस डॉलर के बदले मोहम्मद सालिस पर करीब 5 लाख रुपए बकाया थे। इसी रकम की वसूली के लिए अपहरण की साजिश रची गई। पुलिस ने गौरव प्रताप राणा, कपिल राणा, अमनदीप सिंह, रोहित कुमार, सोनु और अनिल कुमार को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया है।

26 May 2026