
राजसमंद में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सरकारी अस्पताल में कथित रिश्वतखोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक डॉक्टर को ट्रैप कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। एसीबी की यह कार्रवाई एडिशनल एसपी हिम्मत सिंह चारण के नेतृत्व में आरके जिला अस्पताल में की गई। एसीबी के अनुसार परिवादी के पुत्र की आंख के पास एक गांठ थी, जिसे हटाने के लिए वह सरकारी अस्पताल पहुंचा था। आरोप है कि उपचार और ऑपरेशन की प्रक्रिया के लिए जूनियर स्पेशलिस्ट सर्जरी डॉ. पंकज जैन ने परिवादी से 2 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। बाद में दोनों पक्षों के बीच 1800 रुपए में सहमति बनी। परिवादी ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी डॉक्टर ने पहली किस्त के रूप में 500 रुपए ले लिए, जिससे शिकायत की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी डॉ. पंकज जैन परिवादी से शेष 1300 रुपए की रिश्वत ले रहा था, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।
20 Jul 2026