
डूंगरपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह का राजफाश किया है। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने 2000 रुपए के इनामी और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर कमलेश चौधरी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश सांखला, सीओ तपेन्द्र मीणा के मार्गदर्शन और थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने परंपरागत पुलिसिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसका पीसी रिमांड लिया और चोरी हुए जेवरात बरामद किए। मामला उस समय सामने आया जब डूंगरपुर निवासी मधुबाला ने थाने में रिपोर्ट दी कि 1 मार्च को वह अपनी 13 वर्षीय पुत्री के साथ रोडवेज बस में सवार हुईं, जहां भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश ने उनके बैग से चार सोने की चूड़ियां और एक जोड़ी सोने के टॉप्स चोरी कर लिए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कमलेश चौधरी एक शातिर अपराधी है, जो महिला गिरोह के साथ मिलकर मेलों, त्योहारों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में इस तरह की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ उदयपुर, पाली और सिरोही सहित कई जिलों में चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 27 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी उदयपुर के गोवर्धनविलास थाने का हिस्ट्रीशीटर है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
01 May 2026