
राजस्थान आयकर विभाग के अन्वेषण शाखा की टीमों ने बुधवार सुबह प्रदेश के 6 होटल-रेस्टोरेंट ग्रुप और उनके संचालकों के 33 ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें जयपुर के कान्हा रेस्टोरेंट ग्रुप पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है, जबकि उदयपुर के हरिदासजी की मगरी स्थित सिएरा (sierra) होटल–रेस्टोरेंट और पीछोला किनारे स्थित सन एंड मून रेस्टोरेंट, जयपुर के यो चाइना रेस्टोरेंट, कोटा के ये है जलवा रेस्टोरेंट और श्रीगंगानगर में चावलाज-2 रेस्टोरेंट पर आयकर सर्वे की कार्रवाई चल रही है।आयकर टीमें जयपुर, उदयपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, करौली, हिंडोन सहित मुंबई स्थित होटल-रेंस्टोरेंट ग्रुप के संबंधित कार्यालय और अन्य ठिकानों पर तलाशी कर रही हैं। टीमों ने आयकर चोरी से संबंधित कई दस्तावेज और डिजीटल साक्ष्य जब्त किए हैं। यह पूरी कार्रवाई आयकर विभाग के प्रधान निदेशक (अन्वेषण) अवधेष कुमार और अपर निदेशक (अन्वेषण) भैराराम चौधरी के निर्देशन में सहायक निदेशक (अन्वेषण), अजमेर ललितेश मीणा और उपनिदेशक (अन्वेषण), जयपुर सुरेन्द्र यादव के नेतृत्व में चल रही है।गोपनीय सूचना के आधार पर ये रेस्टोरेंट समूह पिछले कुछ समय से आयकर विभाग की निगरानी में थे। सूचनाओं के वेरीफिकेशन के बाद आज सुबह आयकर विभाग की टीमों ने प्रदेश में एक साथ छापेमारी की। बड़े स्तर पर आयकर चोरी के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
01 May 2026