
सलूंबर जिले की कूण थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 605 किलोग्राम हरे पौधों को जब्त कर नष्ट कर दिया। थानाधिकारी निलेश कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम ने करीब 13 किलोमीटर दूर दुर्गम गांव टेकण फला आडा मगरा में छापेमारी की। यहां दामा पिता विरमा मीणा के घर से लगभग 500 मीटर दूर गड्ढेनुमा खेत में गांजे की अवैध खेती की जा रही थी।पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी को भनक लग गई और वह मौके से भाग निकला। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी पौधों को जड़ समेत उखाड़ लिया। ये पौधे करीब 4 से 5 फीट लंबे थे और इन्हें सफेद रंग के 24 कट्टों में भरकर जब्त किया गया। पूरे ऑपरेशन की वीडियोग्राफी भी की गई।पुलिस ने आरोपी दामा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में टीमें लगा दी गई हैं। थानाधिकारी ने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
01 May 2026