
बांसवाड़ा जिले के परतापुर कस्बे में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे मुख्य बाजार चार खंभा क्षेत्र में घूमने निकले एक दंपती को कुछ लोगों ने घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि बाप-बेटे और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने दंपती को लात-घूंसे और फेट से इतना पीटा कि उनके कपड़े तक फट गए।पीड़ित बाबू लाल जैन ने पुलिस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी पत्नी दीप्ति जैन के साथ रात करीब 8 बजकर 25 मिनट पर स्कूल ग्राउंड के पास मुख्य सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान राकेश जैन उर्फ दादु, मोक्ष जैन और हिमेश जैन वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान दीप्ति जैन के गले से करीब तीन तोला वजन की सोने की चेन भी आरोपियों ने लूट ली। मारपीट में दोनों पति-पत्नी को गंभीर चोटें आईं। जब आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो भी किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
01 May 2026