
उदयपुर का महाराणा भूपाल चिकित्सालय, जहाँ संभाग भर से लोग उम्मीद लेकर आते हैं, अब ठगों का सॉफ्ट टारगेट बनता जा रहा है। ताजा मामला पीड़ित कमलेश मेघवाल के साथ पेश आया, जिनका बच्चा फिलहाल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। कमलेश ने बताया कि वह अपने बच्चे के पास वार्ड में मौजूद थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और उन्हें बाहर चलने को कहा। हैरानी की बात यह है कि उस जालसाज के पास पीड़ित के बच्चे की पूरी जानकारी पहले से मौजूद थी। उसने कमलेश को एक पर्ची दिखाई और पूछा कि क्या उनके बच्चे का नाम कृष्ण मेघवाल है? नाम सही होने पर कमलेश को उस व्यक्ति पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि बच्चे के लिए तुरंत खून की जरूरत है और उन्हें ब्लड बैंक चलना होगा। ठग पीड़ित को बातों में उलझाकर सीधे ब्लड बैंक की तरफ ले गया। वहां पहुँचते ही उसने खून के इंतजाम के नाम पर कमलेश से 10,000 रुपये की मांग की। बदहवास पिता ने बिना सोचे-समझे अपने पास रखे पैसे उसे थमा दिए। इसके बाद आरोपी ने बेहद शातिराना अंदाज में कमलेश से कहा कि श्आप जाकर आधार कार्ड लेकर आओ, तब तक मैं आगे की प्रक्रिया पूरी करता हूँ।श् जैसे ही पीड़ित आधार कार्ड लेने के लिए पीछे मुड़ा, वह बदमाश मौका पाकर वहां से गायब हो गया। जब काफी देर तक वह शख्स नहीं लौटा, तब कमलेश को ठगी का अहसास हुआ।
01 May 2026