
पीड़िता का आरोप है कि उसकी मुलाकात साजिद शेख नाम के एक युवक से हुई थी, जिसने उसे अपने प्यार के जाल में फंसा लिया। साजिद ने अपनी पहली शादी की बात छिपाई और रिजवाना को शादी का झांसा देकर उसके साथ रहने लगा। जब रिजवाना ने निकाह के लिए दबाव बनाया, तो उसने पहले तो टालमटोल की, लेकिन बाद में कपासन ले जाकर निकाह कर लिया। पीड़िता का कहना है कि निकाह के कुछ समय बाद उसे पता चला कि साजिद पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। जब रिजवाना ने इस पर सवाल उठाए, तो साजिद ने उसे अलग रखने का वादा किया, लेकिन हकीकत कुछ और ही निकली। साजिद उसके साथ मारपीट करने लगा और उसे दूसरी पत्नी की तरह रहने पर मजबूर करने लगा। पीड़िता की 11 महीने की एक बच्ची भी है, जिसकी जिम्मेदारी उठाने से साजिद ने साफ इनकार कर दिया है। प्रताड़ना की इंतहा तब हो गई जब साजिद ने रिजवाना को तीन तलाक दे दिया और उसे घर से निकाल दिया। अब आरोपी पीड़िता को धमकी दे रहा है कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की, तो वह उसकी अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। रिजवाना ने एसपी और आईजी से न्याय की गुहार लगाई है, पीडिता का कहना है कि आरोपी के रसूख और पुलिस में जान-पहचान के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता अब दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है और उसे अपनी और अपनी बच्ची की जान का खतरा सता रहा है।
01 May 2026