
खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर एक बार फिर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दूध, दही, पनीर और खोए में मिलावट की खबरों के बाद अब मसालों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में सामने आई एक लैब रिपोर्ट में मशहूर मसाला ब्रांड Everest के चार मसाले क्वालिटी टेस्ट में फेल पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि Trustified नाम के एक यूट्यूब चैनल ने 1 मार्च को एक वीडियो जारी कर यह जानकारी दी। चैनल की ओर से एवरेस्ट के चार अलग-अलग मसालों को लैब टेस्ट के लिए भेजा गया था। ये सभी मसाले डी-मार्ट से खरीदे गए थे और हर मसाले के तीन बॉक्स खरीदे गए, जिनमें से एक सैंपल को जांच के लिए भेजा गया। जांच में सामने आया कि Everest Garam Masala में दो पेस्टिसाइड एफएसएसएआई की तय सेफ लिमिट से ज्यादा मात्रा में मिले। इन पेस्टिसाइड के नाम एसिटामिप्रिड और एज़ोक्सीस्ट्रोबिन बताए गए हैं। इसके अलावा इसमें एंटेरोबैक्टीरियेसी नाम का बैक्टीरिया भी तय सीमा से ज्यादा पाया गया। वहीं Everest Kitchen King Masala में भी एंटेरोबैक्टीरियेसी बैक्टीरिया तय मात्रा से अधिक मिला। इसके साथ ही थियामेथॉक्सम, कार्बेन्डाज़िम और बेनोमिल जैसे तीन पेस्टिसाइड भी अधिक मात्रा में पाए गए। Everest Kashmiri Lal Chilli Powder में पेस्टिसाइड तो तय सीमा के भीतर मिले, लेकिन इसमें भी एंटेरोबैक्टीरियेसी बैक्टीरिया अधिक मात्रा में पाया गया। इसके अलावा Everest Meat Masala में भी एंटेरोबैक्टीरियेसी बैक्टीरिया ज्यादा मात्रा में मिला। साथ ही एथियन, टेबुकोनाजोल, एज़ोक्सीस्ट्रोबिन और फ्लूओपायरम जैसे चार पेस्टिसाइड भी सेफ लिमिट से ज्यादा पाए गए। रिपोर्ट के अनुसार इन चारों मसालों के सैंपल Food Safety and Standards Authority of India के तय मानकों पर खरे नहीं उतरे। ऐसे में मसालों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सेहत को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
01 May 2026