
उदयपुर जिले के घासा थाना पुलिस ने बीती रात नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध घी और मावा का जखीरा बरामद किया है। पुलिस टीम 6 मार्च की रात करीब 9 बजे नाकाबंदी कर रही थी, तभी महाराष्ट्र नंबर की एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में भारी मात्रा में घी मिला। कार में सवार श्याम दास वैष्णव निवासी रेलमगरा और पप्पू डांगी निवासी घासा से जब घी के कागजात मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह घी उन्होंने घासा के पटेलों का बाड़ा निवासी दिनेश डांगी से खरीदा है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस तुरंत दिनेश डांगी के घर पहुंची और वहां दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में बड़ी मात्रा में घी, मावा और खाद्य सामग्री बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता और नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके से घी और मावे के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद यदि सामग्री मिलावटी पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस ने संदिग्ध घी से भरी कार को भी जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।