
राजसमंद के खमनोर थाना इलाके में पुरानी रंजिश ने जानलेवा मोड़ ले लिया। घोड़च निवासी 22 वर्षीय संजय डांगी जब अपनी कार से उदयपुर जा रहा था, तभी रास्ते में पीछे से आ रही एक कार ने उसकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। गाड़ी टकराते ही पीड़िता की कार रुक गई, जिसके बाद हमलावर कार से नीचे उतरा और गाली-गलौज करते हुए संजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित संजय डांगी के अनुसार, हमलावर किशनलाल डांगी ने मारपीट करते हुए धमकी दी कि वह पिछले दो महीने से उसकी रेकी कर रहा था। इसके बाद आरोपी ने लाठी या डंडे से कार के सारे शीशे फोड़ दिए। सिर पर खून सवार आरोपी किशनलाल एक लीटर की बोतल में पेट्रोल भरकर लाया और संजय की कार पर छिड़ककर आग लगा दी। कार को धूं-धूं कर जलता देख संजय ने खेतों की तरफ भागकर अपनी जान बचाई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर आपसी विवाद चल रहा है, जिसका मुकदमा पहले से दर्ज है। खमनोर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 115(2), 126(2) और 326(f) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच एएसआई नारायण सिंह को सौंपी गई है।
06 Oct 2026