
उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र से सामने आए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक महंगा आईफोन निकालने के प्रयास में कुएं में उतरे गोताखोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन और समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि मृतक की पहचान मचीन्द गांव निवासी 48 वर्षीय केशूलाल गमेती के रूप में हुई है। बुधवार दोपहर जोधावतों की भागल, मारूवास गांव में ज्वेलर कुलदीप सिंह अपने रिश्तेदार की मौत के 11वें कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान सामूहिक स्नान करते वक्त उनका आईफोन गहरे कुएं में गिर गया। मोबाइल निकालने के लिए दोपहर करीब 3 बजे स्थानीय गोताखोर केशूलाल गमेती को बुलाया गया। केशूलाल अपने बेटे रूपलाल के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने दो बार कुएं में उतरकर मोबाइल तलाशने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तीसरी बार वे और अधिक गहराई में जाकर मोबाइल ढूंढने लगे, लेकिन फिर बाहर नहीं आ सके। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। मृतक के बेटे रूपलाल ने आरोप लगाया कि उसके पिता पूरे इलाके के अच्छे तैराकों में गिने जाते थे। उसने खुद तीसरी बार कुएं में उतरने से मना किया था, लेकिन कुलदीप सिंह के पिता ने एक और प्रयास करने के लिए कहा। रूपलाल का कहना है कि अगर उनके पिता तीसरी बार कुएं में नहीं उतरते तो आज जिंदा होते। फिलहाल मृतक के परिजन और समाज के लोग शव लेने से इनकार करते हुए ज्वेलर के पिता शंकर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करने और 20 लाख रुपए मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद हैं और परिजनों से समझाइश की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन परिवार अपनी मांगों पर अड़ा है। एक कीमती गैजेट को बचाने की जिद ने एक गरीब परिवार का सहारा छीन लिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में गुस्से का माहौल है।

29 May 2026