
उदयपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छा गया। कई इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिससे सामान्य गतिविधियों पर असर पड़ा। देर सुबह तक धूप नहीं निकल पाई, जिसके चलते ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। पहाड़ी राज्यों से आ रही बर्फीली हवाओं ने तापमान को और नीचे गिरा दिया है। कोहरे के चलते शहर की प्रमुख सड़कों, लिंक रोड और हाईवे पर वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। अधिकांश वाहनों की हेडलाइट जलती रही और गति सामान्य से काफी कम रही। कुछ स्थानों पर हल्का जाम भी देखने को मिला। सुबह के समय दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की आवाजाही सीमित रही। कई यात्री कंबल और शॉल का सहारा लेते दिखाई दिए। ठंड के कारण खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ा। मौसम की खराब स्थिति का सीधा असर डबोक एयरपोर्ट पर पड़ा। दृश्यता कम होने के कारण इंडिगो की दिल्ली-उदयपुर-दिल्ली की दो उड़ानों को रद्द कर दिया गया। दिल्ली से आने वाली सुबह की फ्लाइट और उदयपुर से रवाना होने वाली वापसी फ्लाइट दोनों ही उडान नही भर सकी, जिससे यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले दो से तीन दिन सुबह के समय कोहरा छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
01 May 2026