
जयपुर में स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा टीम की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि टीम को भांकरोटा स्थित धारव पब्लिक स्कूल (DPS) की कैंटीन में अनियमिताओं की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद दोपहर करीब 3 बजे औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि कैंटीन संचालक के पास सिर्फ कैंटीन चलाने का लाइसेंस था। लेकिन नियम-कायदों को दरकिनार कर कैंटीन परिसर के भीतर ही एक बड़ी बेकरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर ली गई थी। संचालक के पास बेकरी प्रोडक्ट्स बनाने और नॉनवेज रखने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। जब टीम ने रसोई और स्टोर रूम की तलाशी ली, तो वहां रखे डीप फ्रिज में काफी मात्रा में फ्रोजन नॉनवेज बरामद हुआ। इसी फ्रोजन नॉनवेज का इस्तेमाल कर विभिन्न प्रकार के नॉनवेज बेकरी आइटम्स तैयार किए जा रहे थे और उन्हें शहर के अन्य व्यावसायिक आउटलेट्स पर सप्लाई किया जा रहा था। इसके साथ ही, कैंटीन में स्कूली विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हुए मोमोज, पास्ता, नूडल्स, बर्गर और फ्रेंच फ्राइज जैसे हानिकारक जंक फूड तैयार कर बेचे जा रहे थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद मैनेजर राकेश गुप्ता को पाबंद करते हुए नॉनवेज बेकरी प्रोडक्ट्स और जंक फूड की मैन्युफैक्चरिंग को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया है। मौके से पनीर और यूज्ड कुकिंग ऑयल के सैंपल लेकर जांच के लिए स्टेट लैब भिजवाए गए हैं, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
09 Oct 2026