
उदयपुर में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। यह विरोध उदयपुर देहात जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में देहली गेट स्थित शांति जी और आनंदी जी स्मारक के सामने आयोजित हुआ, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। यह प्रदर्शन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर आयोजित विरोध कार्यक्रमों का हिस्सा था। उदयपुर में भी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है। विरोध को अलग अंदाज में दिखाते हुए कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को माला पहनाकर महंगाई के खिलाफ प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया, वहीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर सिगड़ी जलाकर रोटी बनाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपा सरकार का पुतला दहन भी किया गया और आमजन को राहत देने की मांग उठाई गई। मौके पर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि महंगाई और अंतरराष्ट्रीय हालात से देश में संकट की स्थिति बन रही है। उन्होंने विदेश नीति को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा हालात में सरकार की नीति स्पष्ट नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।