
देश भर में शुक्रवार से कॉमर्शियल गैस का इस्तेमाल करने वाले व्यापारियों और होटल संचालकों को बड़ा झटका लगा है। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने नई रेट लिस्ट की पुष्टि करते हुए बताया कि 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल सिलेंडर अब 2106 रुपए के बजाय 3099 रुपए में मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में आए उछाल को इस भारी बढ़ोतरी का मुख्य कारण बताया जा रहा है। तेल कंपनियों ने न केवल बड़े सिलेंडर, बल्कि 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर की कीमतों में भी 241 रुपए का इजाफा किया है। पहले यह सिलेंडर 592 से 616 रुपए के बीच मिलता था, जिसके लिए अब उपभोक्ताओं को 833 से 857 रुपए तक चुकाने होंगे। इससे उन स्टूडेंट और मजदूरों पर सीधा असर पड़ेगा जो छोटे सिलेंडर का उपयोग करते हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल जनवरी से अब तक कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कुल 1490 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। पिछले साल दिसंबर में जो सिलेंडर 1669 रुपए का था, वह 1 मई तक आते-आते 3000 के पार पहुँच गया है। लगातार चौथे महीने हुई इस वृद्धि ने खान-पान के कारोबार से जुड़े लोगों की कमर तोड़ दी है। हालांकि, राहत की खबर आम गृहणियों के लिए है। पेट्रोलियम कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को यथावत रखा है। राजस्थान में घरेलू सिलेंडर आज भी 916.50 रुपए की पुरानी दर पर ही उपलब्ध रहेगा। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कॉमर्शियल गैस की कीमतों में इस ऐतिहासिक वृद्धि से आने वाले दिनों में होटलों और रेस्टोरेंट में खाने की थाली महंगी हो सकती है।