
पर्यटन नगरी उदयपुर में हर दिन आम जनता और पर्यटकों को हो रही ट्रैफिक की भीषण समस्या को देखते हुए जिला पुलिस कप्तान डॉ. अमृता दुहन ने मोर्चा संभाल लिया है। एसपी कार्यालय में आयोजित इस अहम बैठक में शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कड़े और अभूतपूर्व फैसले लिए गए। बैठक में एसपी डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस अधिकारियों और नगर निगम को निर्देश दिए कि सड़कों पर लंबे समय से स्थायी रूप से खड़ी रहने वाली बसों और वाहनों के खिलाफ तुरंत विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने बापू बाजार, सूरजपोल पुलिस चौकी, जगदीश चौक, गणगौर घाट और रानी रोड जैसे प्रमुख इलाकों में बाधक बन रहे अवैध ठेलों और अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के सख्त निर्देश दिए। सूरजपोल क्षेत्र में अमृत नमकीन के सामने स्थित कॉम्प्लेक्स के बाहर से अतिक्रमण हटाकर पेंसिल डिवाइडर लगाने तथा उदियापोल क्षेत्र के कुछ मार्गों को वन-वे करने की रणनीति बनाई गई। बैठक में मौजूद महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि यदि उदयपुर शहर को बचाना है और इसकी अंतरराष्ट्रीय पर्यटन साख को बनाए रखना है तो यातायात व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार करना होगा। उन्होंने गुलाब बाग पार्किंग स्थल पर स्टे हटने के बाद जल्द ही 125 बसों और 300 से अधिक कारों की पार्किंग शुरू होने की उम्मीद जताई, जिससे मुख्य शहर पर दबाव कम होगा। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीमें मैदान में उतरकर कार्रवाई करेंगी। शुरुआत में व्यापारी वर्ग और आमजन से सहयोग की अपील की जाएगी, लेकिन व्यवस्था में सहयोग न करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। एसपी ने भरोसा जताया कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले शहर को ट्रैफिक जाम से पूरी तरह मुक्ति दिलाने के लिए सभी विभाग मिलकर ठोस और स्थायी कदम उठाएंगे।