
उदयपुर से नाथद्वारा जाने वाले हाईवे पर मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के मुताबिक एक कार उदयपुर से नाथद्वारा की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते कार पलटकर सड़क किनारे स्थित खेत में जा गिरी। इस हादसे में कार में सवार एक छोटी बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के समय वाहन में करीब 4 से 5 लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल बच्ची को तुरंत पास के अनंता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी में सड़क निर्माण कार्य के चलते वाहन अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।