
उदयपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सोमवार शाम करीब 4 बजे देबारी–पिंडवाड़ा हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिसके बाद पीछे आ रही गुजरात नंबर की कार अनियंत्रित हो गई और जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दो वाहनों के बीच बुरी तरह पिचक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।कार में सवार सभी लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करने का प्रयास किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।