
नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन मदाभूत के तहत एएनटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उदयपुर जिले के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। करीब तीन साल से फरार चल रहे और 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी प्रकाश डांगी को जयपुर से दबोचा गया। आरोपी उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र का निवासी है और लंबे समय से नशीली दवाओं के कारोबार में सक्रिय था। एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2015 से मेडिकल क्षेत्र में काम करना शुरू किया था। दवा दुकानों और अस्पतालों में काम करते हुए उसने धीरे-धीरे इस क्षेत्र की बारीकियां सीखीं। इसके बाद वर्ष 2019 में उसने कृष्णा मेडिकल नाम से मेडिकल स्टोर खोला और अवैध रूप से बिना पर्ची नशीली दवाओं की बिक्री शुरू कर दी। खासतौर पर खांसी की दवाओं का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग करते हुए उसने कई युवाओं को नशे की लत में धकेला। वर्ष 2023 में उदयपुर के डबोक थाने में उसके खिलाफ पहला मामला दर्ज हुआ, जबकि अब तक कुल 7 मामले दर्ज हो चुके हैं। आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी, क्योंकि वह बेहद शातिर तरीके से मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था। वह रास्ते में मिलने वाले लोगों के फोन लेकर अपने परिजनों से संपर्क करता, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया था। मेवाड़ क्षेत्र में गुजरात से नशीली दवाओं की सप्लाई की सूचना पर एएनटीएफ टीम ने गुजरात में भी डेरा डाला। आखिरकार जयपुर रेलवे स्टेशन पर पत्नी से मिलने पहुंचे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी नशे के बड़े नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे कर रहा है, जिससे आने वाले समय में और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
01 May 2026