
उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में देर रात हुई चोरी की कोशिश ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला आशीर्वाद नगर का है, जहां कार में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने एक मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि बदमाश अपने साथ हथियार और ताला तोड़ने के औजार भी लेकर आए थे। जानकारी के मुताबिक मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में सीनियर अकाउंट ऑफिसर पद पर तैनात डॉ. जी.एल. वसीटा अपने परिवार के साथ जोधपुर गए हुए थे। बुधवार आधी रात जब परिवार वापस घर पहुंचा तो देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए पड़े थे। इसी दौरान घर के अंदर मौजूद दो बदमाशों का सामना परिवार से हो गया। परिजनों को देखते ही बदमाश घबरा गए और भागने के दौरान डॉ. जी.एल. वसीटा और उनके परिवार पर जानलेवा हमला करने का प्रयास भी किया। हालांकि गनीमत रही कि परिवार को किसी प्रकार की चोट नहीं लगी। इसके बाद आरोपी बाहर खड़ी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना तुरंत सुखेर थाना पुलिस को दी गई, लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची और सुबह जांच करने का आश्वासन देकर लौट गई। बाद में डॉ. जी.एल. वसीटा ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में अजमेर नंबर की कार दिखाई दे रही है, हालांकि आरोपियों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।