
उदयपुर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) के साथ मिलकर बिना चेतावनी के सिगरेट, तंबाकू सहित अन्य मादक पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि तंबाकू और सिगरेट आदि पर सचित्र चेतावनी अंकित नहीं थी, जो नियमानुसार होनी चाहिए। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऐसी सिगरेट और तंबाकू बेचे जा रहे हैं। हमने ड्रग इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया। उनके सहयोग से पायड़ा स्थित आदर्श नगर निवासी मुकेश पिता सुजानमल के यहां दबिश देकर कार्रवाई की। इसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 3260 सिगरेट के पैकेट, 60 पैकेट तम्बाकू और 11 हुक्के जब्त किए गए।भावना है कि यहां तम्बाकू युक्त हुक्कों का सेवन कराया जाता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी बिना चेतावनी वाली सिगरेट और तम्बाकू कहां से लेकर आया। इस संबंध में पता लगाया जा रहा है।
01 May 2026