
उदयपुर-चित्तौड़ हाईवे पर उस समय चीख-पुकार मच गई, जब घाटा वाला माताजी मंदिर के सामने एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार में सवार चार लोगों में से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राजसमंद जिले के रेलमगरा थाना क्षेत्र निवासी गौरव बुनकर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन बना रहा। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

16 Jun 2026