
घटना बांसवाड़ा शहर के नगर स्कूल क्षेत्र की है, जहां सूरज पोल चौकी के नजदीक स्थित मुकेश पटेल के मकान में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, मकान की ऊपरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग ने तेजी से फैलना शुरू कर दिया। देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरे घर में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर घर में रखा कूलर, फ्रिज, टीवी, बेड-बिस्तर और अन्य घरेलू उपयोग का लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक मकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल चुका था। घटना के समय घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।