
बांसवाड़ा पुलिस ने पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर एक सराहनीय पहल करते हुए पुलिस लाइन में शहीद जवान की स्मृति में आधुनिक हाईटेक लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। दाहोद रोड स्थित इस लाइब्रेरी का उद्घाटन एसपी सुधीर जोशी द्वारा किया गया। करीब 20 लाख रुपए की लागत से तैयार की गई यह एयरकंडीशंड लाइब्रेरी पुलिसकर्मियों, उनके परिवारजनों और बच्चों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 1 हजार से अधिक किताबें उपलब्ध कराई गई हैं, जिन्हें भविष्य में और बढ़ाने की योजना है। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य परेड के साथ हुई, जिसमें एसपी ने सलामी ली और पुलिस जवानों के अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस अवसर पर जिले के 54 पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तम, सर्वोत्तम और अति उत्तम श्रेणियों में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक रहा।समारोह में एएसपी नरपत सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।