
उदयपुर के औद्योगिक क्षेत्र कलडवास रीको में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पैरागोन एसोसिएट के स्क्रैप गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखा बड़ी मात्रा में स्क्रैप एवं अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। घटना के दौरान गोदाम से उठते धुएं के घने गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिए। आग की सूचना मिलते ही आसपास के उद्योगों में काम कर रहे कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार करीब एक घंटे तक राहत और बचाव कार्य चलाते हुए आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक भी आग फैलने का खतरा था। गनीमत यह रही कि इस पूरे हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से करीब दो लाख रुपए से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और संबंधित एजेंसियां इसकी जांच में जुटी हुई हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नवदीप बग्गा ने बताया कि फैक्ट्री संचालक को पूर्व में अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि गोदाम में आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। नोटिस की अवहेलना के मामले में विभागीय स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

13 Jun 2026