
उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में लेपर्ड के हमले की घटना सामने आई है, जहां जंगल में बकरियां चरा रहे एक युवक पर तीन लेपर्ड ने हमला कर दिया। घटना गोगुंदा क्षेत्र की मोडी ग्राम पंचायत के कांकण का गुड़ा इलाके की है। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को कांकण का गुड़ा निवासी लोगर लाल गमेती जंगल में बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो लेपर्ड और एक शावक ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में लोगर लाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर में गहरी चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास बकरियां चरा रहे अन्य ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और शोर मचाने लगे। ग्रामीणों की आवाज सुनकर लेपर्ड झाड़ियों की ओर भाग गए और युवक की जान बच गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें जिला अस्पताल उदयपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। उप सरपंच प्रहलाद सिंह झाला ने मामले की सूचना वन विभाग को दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से लेपर्ड और उनके शावकों की आवाजाही देखी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इसी इलाके में अप्रैल 2021 में 65 वर्षीय नवली बाई को भी लेपर्ड ने शिकार बना लिया था, लेकिन आज तक उनके परिजनों को सरकारी मुआवजा नहीं मिला है।
01 May 2026