
उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र अंतर्गत भटेवर कस्बे में नेशनल हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। सिगरेट और पुरानी उधारी को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी के बाद ढाबा संचालक ने आपा खो दिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुई इस हिंसक वारदात से नेशनल हाईवे स्थित ढाबे पर हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर खून फैल गया। वारदात के बाद स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भटेवर निवासी ललित खारोल अपनी बाइक से उदयपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में नेशनल हाईवे पर रीजन पावरटेक कंपनी के पास स्थित एक ढाबे पर उन्हें अपना परिचित गोविंद प्रजापत मिल गया। दोनों युवक ढाबे पर रुक गए और बैठ गए। इसी दौरान ललित ढाबा संचालक शुभम सालवी के पास सिगरेट लेने गया। वहाँ पुरानी उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर शुभम और ललित के बीच तीखी बहस और कहासुनी शुरू हो गई। बहस को बढ़ता देख गोविंद प्रजापत ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उत्तेजित होकर शुभम सालवी ने अपनी पैंट की जेब से धारदार चाकू निकाला और सबसे पहले गोविंद के पैर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसके बाद आरोपी शुभम ने ललित खारोल को निशाना बनाते हुए उस पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस अचानक हमले में ललित ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन चाकू सीधे उसके हाथ और जांघ पर जा लगा। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही खेरोदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

30 Oct 2026