
करीब तीन महीने पुराने इस चर्चित मामले में बाघपुरा थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि 13 मार्च को सेलाणा गांव में रिछावर निवासी सुरेश और भैरूलाल की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के विरोध में 15 मार्च को मौताणे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। इसी दौरान उग्र भीड़ ने सरपंच मुकेश पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी विवेक सिंह के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के बाद पुलिस ने दिनेश, प्रकाश, धूलाराम, कानालाल, मांगीलाल, नकाराम और नरेश को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी रिछावर बाघपुरा के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और लाठियां भी बरामद की हैं। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के पीछे 14 मार्च को दर्ज हत्या का मामला भी सामने आया था। परिवादी आशीष ने रिपोर्ट में बताया था कि वह अपने रिश्तेदार भैरूलाल और दोस्त सुखलाल उर्फ सुरेश के साथ सेलाणा जा रहा था। रास्ते में कई युवकों ने उन्हें रोक लिया और विवाद के दौरान सुरेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वहीं भैरूलाल पर टूटी हुई कांच की बोतल से हमला किया गया। हमले में दोनों की मौत हो गई थी जबकि अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई थी। इसी हत्या कांड के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना और प्रदर्शन के दौरान सरपंच पर जानलेवा हमला हुआ। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अब तक इस मामले में 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।