
राजसमंद जिले के खमनोर थाना क्षेत्र के शिशोदा गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद के बीच एक बेटे ने अपने ही पिता पर हमला कर दिया। घटना में 75 वर्षीय भंवरलाल सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक पिता और बेटे के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी बेटे ने गुस्से में आकर अपने पिता भंवरलाल सोनी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में भंवरलाल सोनी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें लहूलुहान हालत में तत्काल नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही खमनोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।