
उदयपुर में फास्टैग से जुड़े एक और संदिग्ध लेनदेन का मामला सामने आया है। शहर के सेक्टर‑14 निवासी आशीष बोलिया ने दावा किया है कि उनकी कार घर के बाहर खड़ी होने के बावजूद उनके खाते से टोल शुल्क कट गया। आशीष बोलिया ने बताया कि 2 मार्च को उनके मोबाइल पर फास्टैग से 70 रुपये कटने का मैसेज आया। मैसेज देखने के बाद उन्होंने तुरंत घर के बाहर खड़ी अपनी कार को चेक किया और पाया कि वाहन वहीं खड़ा है। इसके बाद उन्होंने कार की डिक्की में रखा अपना फास्टैग भी निकालकर देखा, जो वहीं मौजूद था। उन्होंने जब मैसेज में दिए गए टोल प्लाजा की जानकारी जुटाई तो पता चला कि यह टोल प्लाजा हरियाणा में स्थित है। ऐसे में सवाल उठने लगे कि जब कार उदयपुर में खड़ी थी तो हरियाणा में टोल कैसे कट गया। आशीष का कहना है कि यह किसी बड़े ऑनलाइन स्कैम का हिस्सा हो सकता है। उनके अनुसार यदि इसी तरह हजारों लोगों के खातों से छोटी-छोटी रकम भी कटती है तो कुल रकम लाखों में पहुंच सकती है। हालांकि आशीष ने अभी तक इसकी औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उनका कहना है कि रकम केवल 70 रुपये थी इसलिए उन्होंने पहले ध्यान नहीं दिया, लेकिन अखबार में ऐसे ही मामलों की खबर पढ़ने के बाद उन्हें लगा कि कई अन्य लोगों के साथ भी ऐसा हो रहा है। इस तरह की घटनाओं के सामने आने के बाद फास्टैग उपयोग करने वाले वाहन मालिकों में चिंता बढ़ने लगी है।
01 May 2026