
उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मगवास में तीज पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित मेले में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान एक गुट का युवक जान बचाने के लिए पास में स्थित एक कपड़े की दुकान में घुस गया। उसके पीछे दूसरा युवक हथियार लेकर दौड़ पड़ा और दुकान के पास हथियार लहराने लगा। इसी दौरान दुकान के पास खड़ा 5 साल का मासूम कार्तिक उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार कमलनाथ रोड पर शंकरलाल पटेल की कपड़े की दुकान है। घटना के समय शंकरलाल अपने 5 वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान मेले में झगड़ा हुआ और एक युवक दुकान में घुस गया, जबकि दूसरा युवक धारदार हथियार लेकर उसके पीछे दौड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल बच्चे को तुरंत उदयपुर के महाराणा भूपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके 5 टांके आए हैं और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। थानाधिकारी फेलीराम मीणा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट अभी तक पुलिस को नहीं मिली है, हालांकि परिजनों से रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही यह भी सामने आया है कि मेला आयोजकों ने आयोजन के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली थी, जिसके लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।