
उदयपुर में उदयपोल रोड स्थित माधव टावर के पास निर्माणाधीन फ्लोई ओवर पर काम के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। घटना बीती रात करीब 9 बजे की है। जब क्रेन से बैरीकेड अचानक फिसलकर नीचे आ गिरा। सीधे सड़क से गुजर रही बाइक पर जा गिरा। बाइक सवार पति-पत्नी लड़खड़ाते हुए जमीन पर गिर गए। उनको मामूली चोट लगी। गनीमत रही कि बैरिकेड बाइक के आगे के हिस्से पर गिरा। नहीं तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोग आक्रोशित हो गए और क्रेन ड्राइवर सहित काम कम रहे अन्य मजदूरों को फटकारने लगे। इतने पर क्रेन ड्राइवर और बाकी मजदूर भाग गए। सूचना पर सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।उदयपुर में सिटी स्टेशन रोड से लेकर उदयपोल, टाउन हॉल रोड होते कलेक्ट्री तक फ्लाई ओवर निर्माण कार्य जारी है। इसे लेकर निर्माण कार्य के दोनों तरफ क्रेन की मदद से बैरिकेडिंग की जा रही है। ताकि रोड पर आने-जाने वाले वाहनों को दिक्कत नहीं हो। सवाल ये है कि देर शाम के बाद जब ट्रैफिक ज्यादा रहता है, उस समय बैरिकेडिंग क्यों की जा रही थी।प्रत्यक्षदर्शी लोकेश शर्मा और हेमंत मिश्रा ने बताया- फ्लाईओवर निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन काम की रफ्तार बेहद धीमी है। साथ ही सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी लगातार सामने आ रही है, जिससे आम जनता की जान जोखिम में है। लोगों ने सवाल उठाए हैं कि आखिर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए जाते? भारी मशीनों और सामग्री के बीच आम लोगों की आवाजाही को लेकर पर्याप्त सावधानी क्यों नहीं बरती जा रही?