
उदयपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। कुल 80 वार्डों वाले निगम में जीत के लिए 41 वोटों की आवश्यकता थी। भाजपा के पारस सिंघवी को 55 वोट मिले, जिसमें भाजपा के 53 पार्षदों के अलावा 2 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन भी शामिल रहा। वहीं, कांग्रेस की पूनम कुंवर राठौड़ को 25 वोट मिले। कांग्रेस को अपने 23 पार्षदों के साथ 1 माकपा और 1 निर्दलीय पार्षद का वोट प्राप्त हुआ। मतदान के दौरान सांसद मन्नालाल रावत, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा और भाजपा जिलाध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़ भी मौजूद रहे। चुनाव से पहले क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच भाजपा की बाड़ेबंदी और रणनीति पूरी तरह सफल साबित हुई। अब मंगलवार को डिप्टी मेयर का चुनाव होगा, जिसमें भाजपा की ओर से दिनेश भट्ट का नाम सबसे आगे चल रहा है।

16 Sept 2026