
झालावाड़ जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार सुबह अचानक भूकंप के झटके महसूस किए जाने से हड़कंप मच गया। महज ढाई घंटे के अंतराल में तीन बार धरती हिलने से सहमे लोग अपने घरों और स्कूलों से बाहर खुले मैदानों में निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3 मापी गई है, जिसका केंद्र जमीन के 15 किलोमीटर अंदर था। पिंडवाड़ा क्षेत्र के नोलाई, बरखेड़ी, खजुरी, नापाखेड़ी और आवर गांवों में सुबह करीब 7:15 बजे पहला झटका लगा, जिसके बाद 8:20 और 9:53 बजे फिर से झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने से मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। उस वक्त स्कूलों में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षित बाहर निकालकर मैदान में बैठाया गया और सुरक्षा के लिहाज से स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
15 Sept 2026