
अरावली की पहाड़ियों को काटकर किए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ उदयपुर विकास प्राधिकरण लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को यूडीए की टीम ने एकलिंगजी स्थित कैलाशपुरी तालाब के समीप स्थित पहाड़ी भूमि पर बनाए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यूडीए कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने बताया कि राजस्व ग्राम मूणवास की पहाड़ी भूमि को काटकर बिना स्वीकृति के व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर प्राधिकरण की टीम ने प्रारंभिक स्तर पर ही मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया और संबंधित पक्ष को बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं करने के लिए पाबंद किया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया। यूडीए सचिव राजपाल सिंह ने बताया कि इसके बाद उदयपुर विकास प्राधिकरण अधिनियम-2023 की धारा 32 के तहत प्रकरण दर्ज कर संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया। नोटिस के जवाब में भी निर्माणकर्ता कोई वैध स्वीकृति प्रस्तुत नहीं कर सका और मौके पर निर्माण जारी रहा। स्थिति को गंभीर मानते हुए प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे निर्माण को सीज कर दिया। यूडीए कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले नियमानुसार स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, क्योंकि बिना अनुमति किए गए निर्माणों का नियमन संभव नहीं होता। यह कार्रवाई तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा के निर्देशन में भू-अभिलेख निरीक्षक राजेंद्र सेन, बाबूलाल तेली, पटवारी दीपक जोशी और होमगार्ड जाब्ते की मौजूदगी में हुई। यूडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

24 Jun 2026