
उदयपुर के हाथीपोल बाजार बीती रात एक बड़े हादसे का गवाह बनते-बनते रह गया। यहाँ देर रात एक अनियंत्रित ट्रक अचानक संकरी गलियों में घुस आया और देखते ही देखते उसने वहां खड़े कई दुपहिया और चौपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। ट्रक की रफ्तार और चालक की लापरवाही देख आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक चालक पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था। नशे की हालत में उसने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया और शिलावटवाड़ी की ओर वाहन को घुसा दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक विशालकाय ट्रक उस संकरे रास्ते में फंसा हुआ है, जहां भारी वाहनों का प्रवेश भी वर्जित रहता है। लोग चिल्लाते रहे, लेकिन बेकाबू ट्रक वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ता रहा। घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में खासा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है, लेकिन पुलिसकर्मियों ने समय रहते ट्रक को रोकने की कोई कोशिश नहीं की। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि हादसा देर रात हुआ, जिससे सड़क पर पैदल चलने वालों की संख्या कम थी, वरना कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आगे की तफ्तीश में जुटी है।
01 May 2026