
उदयपुर में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के चलते मदार नहर के पास एक विशाल पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से नहर होकर नीमचखेड़ा, मनोहरपुरा और बड़गांव जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर होने से यह अचानक सड़क पर आ गिरा। मार्ग बंद होने के चलते कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुकने से दोनों ओर वाहनों की कतारें भी लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने पेड़ की शाखाओं और तने की कटिंग शुरू की और पेड को मुख्य मार्ग से हटाया। राहत कार्य के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर यातायात को नियंत्रित रखा गया। कड़ी मशक्कत के बाद नगर निगम की टीम ने पेड़ को सड़क से हटाकर मार्ग को साफ किया और बंद पड़े रास्ते पर दोबारा यातायात बहाल कराया। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं शहर में बारिश के कारण कमजोर हो चुके पेड़ों और संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।

06 Jul 2026