
सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ उदयपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत बाघपुरा थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनकी पावर बाइक जब्त की है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक सार्वजनिक सड़क पर लापरवाही और खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट कर रहे थे, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान खतरे में पड़ रही थी। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और झाड़ोल डीएसपी विवेक सिंह के सुपरविजन में बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रवीण और कमिया को गिरफ्तार किया। दोनों युवकों के कब्जे से स्टंट में इस्तेमाल की जा रही पावर बाइक भी जब्त कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि आमजन के जीवन को भी गंभीर खतरे में डालते हैं। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
06 Jul 2026